बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट व रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर की गई कार्रवाई
संवाददाता
उरई/जालौन
‘‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’’ के अंतर्गत सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम दल, जालौन राजेश कुमार द्वारा जनपद में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट एवं रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वाले वाहन चालकों की जाँच की गई तथा नियम विरुद्ध पाए जाने पर संबंधित वाहनों के चालान किए गए।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) द्वारा जनपद के विभिन्न मार्गों पर वाहन चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई। वाहन चालकों से आग्रह किया गया कि वे नशे की अवस्था में वाहन न चलाएँ, तेज गति से वाहन न चलाएँ, स्टंट न करें, गलत दिशा में वाहन संचालन न करें, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न करें तथा आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।
इसके उपरांत उप सम्भागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय, उरई में जनपद के समस्त वाहन डीलरों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरेश कुमार, वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) एवं राजेश कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम दल द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों के प्रचार-प्रसार पर विस्तार से चर्चा की गई। डीलरों से उनके द्वारा किए जा रहे प्रचार-प्रसार की जानकारी ली गई।
बैठक में वाहनों की बिक्री के सापेक्ष पेंडेंसी, सुरक्षा मानकों के अनुपालन, वाहनों की बिक्री के पश्चात समय से फीस व कर जमा करने, दोपहिया वाहन क्रेताओं को अनिवार्य रूप से राइडर व पिलियन हेतु दो हेलमेट उपलब्ध कराने, यातायात नियमों के पालन, ग्राहक सेवा एवं शिकायत निवारण जैसे विषयों पर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में अजहर हुसैन (एस.बी. कार), अमर खरे (नटराज मोबाइल्स प्रा. लि.), शैलेन्द्र प्रताप सिंह (सूर्यांशु हीरो), संदीप श्रीवास्तव (बजाज/श्याम मोटर्स), जितेन्द्र कुमार (टाटा मोटर्स), दीपेन्द्र कुमार (जे.एम.के. मोटर्स), मो. आरिफ (जयसवाल होंडा), अरुण यादव (जे.एम.के. टोयोटा), आकाश यादव (ध्रुवतारा महिन्द्रा) सहित श्री बालाजी मोटर्स व श्री बालाजी ऑटो मोबाइल्स प्रा. लि. के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर परिवहन अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से उपस्थित डीलरों को सड़क सुरक्षा के महत्व की जानकारी देते हुए अपने स्तर से पहले पालन करने एवं आमजन को जागरूक करने की अपील की गई।