चेकिंग के दौरान चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद
संवाददाता, कानपुर देहात
जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रूरा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद की है।
थाना रूरा में 5 फरवरी 2026 को वादी विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय पोखर सिंह निवासी ग्राम हारामऊ (डेरा बंजारा) ने लिखित शिकायत दी थी कि 1/2 फरवरी की रात उनके घर के बरामदे में खड़ी ब्लैक रंग की अपाचे मोटरसाइकिल (संख्या UP77AQ5363) अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। इस संबंध में थाना रूरा पर मुकदमा संख्या 043/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
7 फरवरी की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रूरा नहर डाक बंगला के पास रूरा-सिठमरा मार्ग से आरोपी सनोज पाल पुत्र जसवंत सिंह निवासी ग्राम त्रिलोकपुर, थाना भरथना, जनपद इटावा (उम्र लगभग 25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी राहुल उर्फ अंकित पुत्र सुरेश यादव निवासी ग्राम उलरापुर, थाना रूरा के साथ मिलकर हारामऊ डेरा बंजारा स्थित मकान के बरामदे से मोटरसाइकिल चोरी की थी। वह चोरी की बाइक अपने साथी के पास भोगनीपुर ले जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे चेकिंग के दौरान पकड़ लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार, हेड कांस्टेबल रामपाल, कांस्टेबल सत्यपाल और कांस्टेबल संगम कुमार शामिल रहे।