संवाददाता — कानपुर देहात
दिनांक 14 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक, जनपद कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय द्वारा पुलिस कार्यालय में अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन कर कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की गहन समीक्षा की गई। गोष्ठी के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक अकबरपुर, स्पेशल टीम प्रभारी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
गोष्ठी में लंबित मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा निरोधात्मक कार्यवाहियों की प्रगतिशील समीक्षा पर विस्तृत चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक महोदया ने साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आमजन को जागरूक करने हेतु व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही, आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, पैदल गश्त एवं रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हो सके।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित मामलों में त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही जनपद में शांति, सामाजिक सद्भाव एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आदेश दिया गया। किसी भी प्रकार के साम्प्रदायिक उन्माद अथवा धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली घटनाओं की रोकथाम हेतु सतर्क रहते हुए ऐसी किसी भी स्थिति में त्वरित एवं न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अंत में पुलिस प्रशासन द्वारा जनसुरक्षा एवं कानून के शासन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने के संकल्प को दोहराया गया।