संवाददाता — कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में इण्डियन इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन एवं श्रम विभाग, कानपुर देहात के संयुक्त समन्वय से दिनांक 14 जनवरी 2026 को रनियां, कानपुर देहात में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में “कम्बल वितरण कार्यक्रम एवं श्रमिक जागरूकता व पंजीयन/नवीनीकरण कैम्प” का आयोजन किया गया।
शीतलहर को दृष्टिगत रखते हुए कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन, श्रम विभाग एवं इण्डियन इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन, कानपुर देहात के माध्यम से 500 श्रमिकों एवं जरूरतमंद गरीबों को कम्बल वितरित किए गए, साथ ही श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए राम आशीष, सहायक श्रमायुक्त, कानपुर देहात द्वारा निर्माण श्रमिकों के पंजीयन तथा उनके हितार्थ शासन एवं बीओसीडब्ल्यू बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर उपस्थित श्रमिकों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने मकर संक्रान्ति की शुभकामनाएं दीं तथा श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कम्बल वितरण हेतु इण्डियन इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल द्वारा भी श्रमिकों को विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करने तथा अटल आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा (दिनांक 22 फरवरी 2026) में अधिक से अधिक पात्र निर्माण श्रमिकों के बच्चों को सम्मिलित कराने हेतु प्रेरित किया गया।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार ने इण्डियन इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन के इस सराहनीय प्रयास के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक पात्र निर्माण श्रमिकों का पंजीयन कर शासन की मंशा के अनुरूप उन्हें योजनाओं से आच्छादित कराने पर बल दिया।
कार्यक्रम में इण्डियन इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से श्रमिकों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित जानकारी भी प्रदान की गई। साथ ही Zero Poverty अभियान के अंतर्गत पात्र पाए गए निर्माण श्रमिकों का श्रमिक पंजीयन कैम्प आयोजित कर पंजीयन कराया गया।
कार्यक्रम के समापन पर राम आशीष, सहायक श्रमायुक्त, कानपुर देहात द्वारा उपस्थित अधिकारियों, इण्डियन इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं श्रमिकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पीयूष जैन (चेयरमैन), राजीव अग्रवाल (वाइस चेयरमैन), राजीव महेश्वरी (वाइस चेयरमैन), एस.के. पाण्डेय, रोहित ब्रजपुरिया, आदित्य बागला (इण्डियन इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन, कानपुर देहात) सहित राजेश श्रीवास्तव, अरविन्द कुमार सोनकर, श्रीमती पल्लवी सिंह (श्रम प्रवर्तन अधिकारी) एवं श्रम विभाग के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।