स्वच्छता और सेवा का संगम : जालौन में शुरू होगी नई पहल

जिलाधिकारी बोले – युवाओं की भागीदारी से ही बनेगा अभियान जन आंदोलन

जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में “स्वच्छता ही सेवा–2025” एवं “सेवा पखवाड़ा–2025” की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न हुई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि तथा नगर निकायों से जुड़े अधिकारी शामिल रहे।

जिलाधिकारी ने बताया कि 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान में स्वच्छता, सेवा, डिजिटल भारत और आत्मनिर्भर भारत की थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को अधिकतम संख्या में जोड़ा जाए, ताकि युवाओं के माध्यम से यह संदेश घर-घर तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताएं, रैलियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनजागरूकता गतिविधियां इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देंगी। साथ ही 02 अक्टूबर को गांधी जयंती पर भव्य कार्यक्रम, प्रदर्शनी और पुरस्कार वितरण का आयोजन होगा। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि अभियान औपचारिकता न होकर सहभागिता और सेवा की मिसाल बने।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी नरेंद्र देव शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *