राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग

यातायात नियमों के पालन को लेकर चालकों को किया गया जागरूक

संवाददाता
उरई/जालौन

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत दिनांक 20 जनवरी 2026 को सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार के नेतृत्व में प्रथम दल द्वारा शहर के विभिन्न स्थलों पर स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

चेकिंग के दौरान स्कूली वाहनों के आवश्यक प्रपत्र—पंजीयन प्रमाणपत्र, फिटनेस, बीमा, परमिट एवं ड्राइविंग लाइसेंस आदि—की जांच की गई। साथ ही चालकों एवं परिचालकों को छात्र-छात्राओं को लाने-ले जाने के दौरान विशेष सावधानियाँ बरतने के निर्देश दिए गए। बच्चों को उनके घर से ही सुरक्षित रूप से रिसीव करने एवं घर तक छोड़ने, क्षमता से अधिक छात्र-छात्राओं को वाहन में न बैठाने, अपने लेन में वाहन चलाने, रॉन्ग साइड न चलने, तेज गति से वाहन न चलाने तथा सामने चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई।

चेकिंग अभियान के दौरान एक स्कूली वाहन बिना बीमा के संचालित पाया गया, जिस पर मौके पर ही नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई।

सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी ने सभी चालकों एवं परिचालकों को समय-समय पर स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उसे विद्यालय प्रबंधन एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ साझा करें, जिससे उसका समय रहते समाधान किया जा सके। इसके साथ ही वाहनों में रखे फर्स्ट एड बॉक्स (मेडिकल किट) की नियमित जांच करने, दवाइयों की वैधता सुनिश्चित करने तथा वाहन में अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से रखने एवं उसके उपयोग का प्रशिक्षण प्राप्त करने पर भी जोर दिया गया।

इसी क्रम में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम दल, जालौन द्वारा राठ रोड उरई स्थित गुरुद्वारा में आयोजित रक्तदान शिविर में सहभागिता की गई। शिविर में उपस्थित समाजसेवियों, राहगीरों एवं रक्तदानकर्ताओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, तेज गति एवं स्टंट से बचने, गलत दिशा में वाहन न चलाने, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न करने तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान राहवीर योजना, हिट एंड रन योजना एवं कैशलेस ट्रीटमेंट योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी देते हुए आमजन को जागरूक किया गया।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *