नोडल अधिकारी ने कंबल एवं आयुष्मान कार्ड वितरण कर पात्र लाभार्थियों को दिलाया योजनाओं का लाभ

संवाददाता — कानपुर देहात

आयुक्त, ग्राम्य विकास विभाग एवं नोडल अधिकारी जनपद कानपुर देहात जी.एस. प्रियदर्शी की अध्यक्षता में विकास खंड मलासा के ग्राम कछगांव में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। ग्राम चौपाल के माध्यम से शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन एवं जमीनी स्तर पर लाभ वितरण की गहन समीक्षा की गई।

नोडल अधिकारी द्वारा विभागवार ग्राम में संचालित योजनाओं, लाभार्थियों की स्थिति एवं योजनाओं से प्राप्त लाभ की जानकारी ली गई तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं को लेकर फीडबैक प्राप्त किया गया। जल जीवन मिशन एवं आवास योजनाओं की समीक्षा के दौरान ग्रामीणों द्वारा पाइपलाइन लीकेज एवं रोड रेस्टोरेशन कार्य में अनियमितताओं की शिकायत की गई, जिस पर नोडल अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को 15 दिवस के भीतर कमियां दूर कर गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराने की मांग पर नोडल अधिकारी ने आवास प्लस सर्वे में शामिल सभी पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से आच्छादित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम में स्थित तालाबों, चारागाहों, रास्तों, पंचायत भूमि एवं अन्य सार्वजनिक भूमि के चिन्हांकन एवं संरक्षण के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

ग्राम में संचालित स्वयं सहायता समूहों की समीक्षा करते हुए नोडल अधिकारी ने समूहों की संख्या बढ़ाने तथा अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाओं को समूहों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं को स्वावलंबी, आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम हैं।

ग्रामीणों द्वारा राशन कार्ड, राशन वितरण एवं घटतौली से संबंधित शिकायतों पर नोडल अधिकारी ने जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि कोई भी पात्र परिवार योजना से वंचित न रहे।

शीतलहर को देखते हुए ग्राम के पात्र एवं जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल वितरित किए गए। नोडल अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि ठंड के मौसम में कोई भी जरूरतमंद असहाय न रहे और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सहायता पहुंचे।

ग्राम चौपाल में कृषि, सिंचाई, स्वास्थ्य, राजस्व, पुलिस, विद्युत, शिक्षा, स्वच्छ भारत मिशन, पेंशन एवं राशन विभागों की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया गया तथा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं शिशुओं का अन्नप्राशन कार्यक्रम भी संपन्न कराया गया।

इसके उपरांत नोडल अधिकारी द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने का संदेश दिया गया तथा स्वच्छ वातावरण एवं सतत विकास हेतु सामूहिक प्रयास का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में रहे उपस्थित

ग्राम चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, डीएफओ ए.के. पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, डीसी मनरेगा अशोक कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्र, जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल, खंड विकास अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *