22 फरवरी के बृहद विधिक सहायता शिविर की तैयारियां तेज
संवाददाता, कानपुर देहात
जनपद में 22 फरवरी को प्रस्तावित मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के सफल आयोजन की तैयारी के तहत विकास खंड अकबरपुर में प्री-मेगा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में सचिव श्रीमती नूपुर श्रीवास्तव द्वारा खंड विकास अधिकारी अकबरपुर के सहयोग से किया गया।
शिविर के दौरान कानून समानता, गरीब महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। बाल विकास एवं पुष्टाहार, न्यायिक, महिला कल्याण, ग्राम विकास, पंचायती राज, स्वास्थ्य, परिवहन, कृषि, समाज कल्याण और माध्यमिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में उपस्थित लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का समापन सचिव श्रीमती नूपुर श्रीवास्तव ने सभी उपस्थित लोगों को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ की शपथ दिलाकर किया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अकबरपुर, खंड विकास अधिकारी सिकंदरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में चल रहे “मेडिएशन फॉर द नेशन 2.0” अभियान के तहत मध्यस्थता केंद्र में इस सप्ताह कुल 12 वादों का सफल निस्तारण भी किया गया।