जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत अकबरपुर स्थित मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

संवाददाता — कानपुर देहात

मा० भारत निर्वाचन आयोग एवं उत्तर प्रदेश निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत कपिल सिंह, जिला निर्वाचन अधिकारी, कानपुर देहात द्वारा अकबरपुर क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने अकबरपुर इंटर कॉलेज में स्थापित बूथ संख्या 108 से 116 तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय, अकबरपुर में स्थित बूथ संख्या 117, 118 एवं 119 का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मतदाता सूची के सार्वजनिक वाचन की प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए ड्राफ्ट मतदाता सूची की गहन समीक्षा की गई।

निरीक्षण के समय कुछ मतदाताओं की फोटो स्पष्ट न पाए जाने पर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को ऐसे मतदाताओं की फोटो पुनः लेकर अद्यतन करने के निर्देश दिए गए, जिससे मतदाता सूची पूर्णतः शुद्ध, सटीक एवं त्रुटिरहित बनाई जा सके। साथ ही बीएलओ को प्रिव्यू ऑप्शन के सही प्रयोग के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि डाटा प्रविष्टि की गुणवत्ता सुनिश्चित हो।

जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा फॉर्म-6 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि प्रत्येक आवेदन के साथ आवश्यक अभिलेख अनिवार्य रूप से संलग्न हों तथा घोषणा पत्र पर आवेदक के हस्ताक्षर सुनिश्चित किए जाएं, जिससे किसी भी प्रकार की त्रुटि या अपूर्णता न रहे।

उन्होंने निर्देशित किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत पात्र प्रत्येक नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाए तथा नव-योग्य मतदाताओं को अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जोड़ा जाए। सभी अधिकारियों एवं बीएलओ को पारदर्शिता, समयबद्धता एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के पूर्ण अनुपालन के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार पवन कुमार, नायब तहसीलदार रविंद्र सिंह, संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अभियान को सफल बनाने में जुटे सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बीएलओ के कार्यों की सराहना की।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *