संवाददाता — उरई/जालौन
उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर दिनांक 24 जनवरी 2026 को राजकीय पॉलिटेक्निक उरई (जनपद जालौन) में दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय श्री गौरीशंकर वर्मा, सदर विधायक उरई रहे, जिन्होंने उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को डिप्लोमा प्रमाण पत्र वितरित किए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य श्री नीरज जोशी द्वारा मुख्य अतिथि का बुके भेंट कर स्वागत करने से हुई। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं प्रधानाचार्य द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
अपने संबोधन में माननीय विधायक श्री गौरीशंकर वर्मा ने बताया कि वे स्वयं वर्ष 1989 में इसी संस्थान से पासआउट छात्र रहे हैं और आज यहां विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करते हुए उन्हें अत्यंत गर्व एवं प्रसन्नता की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा आज केवल रोजगार ही नहीं बल्कि आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार का सशक्त माध्यम बन चुकी है।
इस अवसर पर विधायक द्वारा ‘पॉलिटेक्निक चलो अभियान’ का भी शुभारंभ किया गया, जिससे अधिक से अधिक छात्र तकनीकी शिक्षा से जुड़ सकें।
प्रधानाचार्य श्री नीरज जोशी ने संस्थान की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में प्रतिभा पंडित, राघवेन्द्र, संजीव अग्रवाल, ऋषिकांत त्रिपाठी, गौसुद्दीन, सतीश कुमार, प्रदीप कुमार, संजीव कुमार, मनोज कुमार अहिरवार, जितेन्द्र कुमार गुप्ता, रमाकान्त अहिरवार, प्रकाश गुप्ता सहित अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।