निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 को लेकर बैठक सम्पन्न

नोटिस निर्गत करने एवं सुनवाई प्रक्रिया पर राजनीतिक दलों को दी गई विस्तृत जानकारी

संवाददाता
कानपुर देहात

माननीय निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 के अंतर्गत नोटिस निर्गत किए जाने एवं उनकी सुनवाई से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर जानकारी प्रदान करने हेतु मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नवीन दिशा-निर्देशों से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखते हुए आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।

इस अवसर पर दावे एवं आपत्तियों की सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई, जिससे मतदाता सूची शुद्धिकरण की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं सहभागी बनाया जा सके। उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बताया गया कि 07 जनवरी 2026 से 28 जनवरी 2026 तक कुल 15,175 फार्म-6, 350 फार्म-7 तथा 2,502 फार्म-8 प्राप्त हुए हैं। अब तक कुल 1,23,302 नोटिस जनरेट किए जा चुके हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण कराने की अपील की। बैठक में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि बृजमोहन यादव द्वारा सुझाव दिया गया कि नोटिसों की सुनवाई संबंधित मतदान केंद्रों पर कराई जाए, जिससे मतदाताओं को अधिक सुविधा प्राप्त हो सके।

इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया कि जिन मतदान केंद्रों के अंतर्गत अधिक संख्या में नोटिस निर्गत हुए हैं, वहां संबंधित मतदान केंद्रों पर ही सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) के माध्यम से सुरक्षित एवं सुचारु सुनवाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। ऐसे मतदान केंद्रों की सूची पृथक से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ लेवल एजेंट (BLA) के सक्रिय सहयोग की भी अपील की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में समाजवादी पार्टी से शेखू खान एवं बृजमोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी से श्यामू शुक्ला, कांग्रेस पार्टी से गोविंद यादव, बहुजन समाज पार्टी से युवराज सिंह, कम्युनिस्ट पार्टी से रामऔतार भारती सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *