संवाददाता — कानपुर देहात
दिनांक 18 जनवरी 2026 को थाना भोगनीपुर क्षेत्रान्तर्गत पुखरायां में माननीय पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत कानपुर देहात पुलिस द्वारा सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, कानपुर देहात श्री राजेश पाण्डेय ने कार्यक्रम स्थल का व्यक्तिगत निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रस्तावित आगमन एवं प्रस्थान मार्गों, कार्यक्रम स्थल की परिधि, प्रवेश एवं निर्गम बिंदुओं सहित अन्य संवेदनशील स्थलों का गहन अवलोकन किया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने मौके पर तैनात पुलिस बल, सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर सुरक्षा के प्रत्येक पहलू की समीक्षा की तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए जाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं तथा किसी भी स्तर पर कोई कोताही न बरती जाए।
उन्होंने जनसहयोग के माध्यम से शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने पर विशेष बल दिया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर श्री संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी यातायात श्री राजीव सिरोही सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।