विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 06 फरवरी तक दावे व आपत्तियां होंगी प्राप्त

विशेष अभियान तिथियों पर मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेंगे बीएलओ व सभी आवश्यक फार्म

संवाददाता — कानपुर देहात

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर जनपद की समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 06 फरवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि जनपद के समस्त बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) दिनांक 18 जनवरी 2026 को अपने-अपने बूथों पर प्रातः 10:30 बजे से सायं 04:30 बजे तक उपस्थित रहकर आलेख्य निर्वाचक नामावली का वाचन करेंगे।

इसके अतिरिक्त निर्वाचन आयोग द्वारा चार विशेष अभियान तिथियां निर्धारित की गई हैं—

  • 17 जनवरी 2026 (शनिवार)

  • 18 जनवरी 2026 (रविवार)

  • 31 जनवरी 2026 (शनिवार)

  • 01 फरवरी 2026 (रविवार)

विशेष अभियान दिवसों में पदाभिहीत स्थलों (मतदान केंद्रों) पर पदाभिहीत अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इन तिथियों में दिनांक 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली के साथ-साथ दावे एवं आपत्तियों से संबंधित सभी आवश्यक फार्म—
फार्म-6 (घोषणा पत्र सहित), फार्म-7 एवं फार्म-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर बीएलओ, सुपरवाइजर एवं पदाभिहीत अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर अपने नाम मतदाता सूची में जुड़वाने, संशोधन कराने अथवा आपत्ति दर्ज कराने हेतु इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *