डीएम ने दिलाई यातायात नियमों के पालन की शपथ
संवाददाता
उरई/जालौन
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आटा टोल प्लाजा पहुंचकर 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक किया गया, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने तथा तेज गति व लापरवाही से वाहन न चलाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, गोष्ठियां एवं विशेष अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति सजग किया गया है। इन अभियानों का सकारात्मक प्रभाव तभी दिखेगा, जब नागरिक दैनिक जीवन में इन नियमों को अपनाएंगे। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई।
समारोह में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी मनोज अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, परियोजना निदेशक एनएचएआई अभिषेक लोदवाल, एआरटीओ राजेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, यातायात पुलिस, टोल प्लाजा प्रबंधन एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।