उत्तर प्रदेश दिवस–2026 का जनपद जालौन में भव्य आयोजन

24 से 26 जनवरी तक होंगे विविध कार्यक्रम, उत्कृष्ट प्रतिभाओं का होगा सम्मान

‘विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत’ थीम पर होंगे आयोजन

संवाददाता — उरई/जालौन

उत्तर प्रदेश दिवस–2026 को जनपद जालौन में भव्य एवं गरिमामय रूप से मनाने की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ० दुर्गेश कुमार ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश दिवस–2026 का आयोजन दिनांक 24 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई परिसर में किया जाएगा। इस अवसर पर जनपद स्तरीय सांस्कृतिक, साहित्यिक, सामाजिक एवं विकासपरक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि स्थानीय कलाकारों, कवियों, साहित्यकारों एवं प्रतिभाशाली व्यक्तियों को मंच प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस–2026 के समस्त कार्यक्रम ‘विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत’ की थीम पर आधारित होंगे, जिससे प्रदेश की प्रगति, नवाचार, सांस्कृतिक विरासत एवं सामाजिक समरसता को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने स्तर से प्रदर्शनी, संगोष्ठी, वीर रस की कविताओं का पाठ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं पारंपरिक खेलों का आयोजन सुनिश्चित करें।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान के विजेताओं, माटी कला बोर्ड के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों, खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, चिकित्सकों, प्रगतिशील किसानों एवं वैज्ञानिकों को सम्मानित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी लगाकर आम जनमानस को योजनाओं की जानकारी दें तथा अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को उनसे लाभान्वित किया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के०के० सिंह, जिला विकास अधिकारी निशान्त पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *