कक्षा 6 व 9 के लिए शैक्षणिक सत्र 2026–27 में होंगे प्रवेश
कानपुर देहात | 02 फरवरी 2026
अटल आवासीय विद्यालय, ग्राम रामपुर-नरूआ, तहसील बिल्हौर, जनपद कानपुर नगर में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए कक्षा 06 एवं कक्षा 09 में प्रवेश हेतु आवेदन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी 2026 तथा प्रवेश परीक्षा की तिथि 08 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।
यह जानकारी राम अशीष, सहायक श्रमायुक्त, कानपुर देहात ने दी। उन्होंने बताया कि महानिदेशक, अटल आवासीय विद्यालय, उत्तर प्रदेश द्वारा पूर्व में प्रवेश परीक्षा की तिथि 22 फरवरी 2026 निर्धारित की गई थी, किंतु विभिन्न मंडलों से अपेक्षाकृत कम आवेदन प्राप्त होने के कारण अधिक से अधिक पात्र बच्चों को अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आवेदन की अंतिम तिथि एवं परीक्षा तिथि को विस्तारित किया गया है।
नवीन कार्यक्रम के अनुसार अब अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 06 एवं कक्षा 09 में प्रवेश के लिए आवेदन 15 फरवरी 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे तथा प्रवेश परीक्षा 08 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी।
सहायक श्रमायुक्त ने जनपद कानपुर देहात के समस्त जागरूक नागरिकों से अपील की है कि पंजीकृत पात्र निर्माण श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने हेतु प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए अधिक से अधिक आवेदन कराने में सहयोग प्रदान करें, ताकि श्रमिक वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा का लाभ मिल सके।