सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सुनीं शिकायतें

गुणवत्तापूर्ण व पारदर्शी निस्तारण के दिए निर्देश

जालौन, 13 सितम्बर 2025।
जनपद में शनिवार को सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कोतवाली जालौन पहुँचकर फरियादियों की समस्याएँ सुनीं और त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्रों का निस्तारण गुणवत्ता एवं गुण-दोष के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि फरियादियों को बार-बार परेशान न होना पड़े। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसी अधिकारी द्वारा लापरवाही बरती गई तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने भूमि विवादों के मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता को शीघ्र न्याय उपलब्ध कराना है। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाएगी और इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी छोटी-बड़ी शिकायतों को सूचीबद्ध कर रजिस्टर में दर्ज किया जाए और उनके समाधान की समय-सीमा तय हो। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेकर मौके पर जाकर निस्तारण सुनिश्चित करे, जिससे समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस मौके पर बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे और अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याएँ रखीं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *