“माननीय मुख्यमंत्री जी ने आपका हाल-चाल लेने भेजा है” – प्रभारी मंत्री
संवाददाता — उरई/जालौन
कड़ाके की ठंड को देखते हुए प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाते हुए जनपद के मा० प्रभारी मंत्री एवं गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री, संजय सिंह गंगवार ने देर रात रेलवे स्टेशन उरई एवं कौंच बस स्टैंड स्थित रैन बसेरों तथा अलाव स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निराश्रित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को कंबल वितरित किए।
प्रभारी मंत्री ने रैन बसेरों में ठहरे लोगों से आत्मीयता के साथ संवाद कर उनका हाल-चाल जाना और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा, “माननीय मुख्यमंत्री जी ने विशेष रूप से आपका हाल-चाल लेने के लिए मुझे भेजा है। आपको किसी भी प्रकार की कोई परेशानी तो नहीं है?”
निरीक्षण के दौरान रैन बसेरों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, शौचालय एवं ठहरने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शीतलहर के दौरान किसी भी निराश्रित को असुविधा न हो। साथ ही अलाव की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जरूरतमंदों को तत्काल कंबल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि कोई भी निराश्रित व्यक्ति ठंड से प्रभावित न हो। शासन-प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ आमजन की सेवा में लगा हुआ है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, एमएलसी रमा निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, डीसी मनरेगा रामेंद्र सिंह, पूर्व सांसद भानु प्रताप सिंह, पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।