निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 को लेकर बैठक आयोजित

राजनीतिक दलों को दावे व आपत्तियों की साप्ताहिक सूची उपलब्ध कराने पर हुई चर्चा

संवाददाता — कानपुर देहात

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 के अंतर्गत मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों को दावे एवं आपत्तियों की साप्ताहिक सूची उपलब्ध कराए जाने के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह द्वारा की गई।

बैठक में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अवधि के दौरान प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की सूची साप्ताहिक एवं क्रमिक (इन्क्रीमेंटल) रूप में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे निर्वाचक नामावलियों की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक साप्ताहिक बैठक का विधिवत फोटोग्राफ एवं कार्यवृत्त (मिनट्स) सुरक्षित रखा जाए, ताकि जवाबदेही बनी रहे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी राजनीतिक दल द्वारा परिवर्धन/अपमार्जन से संबंधित कोई शिकायत प्राप्त होती है अथवा किसी व्यक्ति द्वारा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों की सूचना दी जाती है, तो ऐसे सभी प्रकरणों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में उपस्थित निर्वाचन अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें समाजवादी पार्टी से शेखू खान व बृजमोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी से श्यामू शुक्ला, कांग्रेस पार्टी से गोविंद यादव तथा कम्युनिस्ट पार्टी से रामऔतार भारती सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *