आलेख्य मतदाता सूची का जनपद भर में वाचन, डीएम ने किया बूथों का निरीक्षण

पात्र मतदाता सूची में नाम अवश्य जांचें, 06 फरवरी तक दर्ज कराएं दावा–आपत्ति

संवाददाता — उरई/जालौन

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद जालौन के समस्त मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा आलेख्य मतदाता सूची का वाचन किया जा रहा है। मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक बूथ पर फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध कराए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जीजीआईसी, जीआईसी, टाउन हॉल, जेएमएस किड्स केयर स्कूल, कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय पटेल नगर सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर मतदाता सूची वाचन की प्रक्रिया की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि सभी बूथों पर बीएलओ द्वारा अपने-अपने क्षेत्र की ड्राफ्ट मतदाता सूची को विधिवत पढ़कर सुनाया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी बूथों पर मतदाता सूची का पाठन किया जा रहा है, जिससे मतदाता अपने नाम, विवरण एवं अन्य प्रविष्टियों का सत्यापन कर सकें। उन्होंने जनपद के समस्त मतदाताओं से अपील की कि वे अनिवार्य रूप से अपना नाम आलेख्य मतदाता सूची में जांच लें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, अथवा नाम, आयु, पता आदि में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो वह फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जोड़ने, फॉर्म-7 से नाम हटाने तथा फॉर्म-8 द्वारा संशोधन हेतु आवेदन कर सकता है। यह आवेदन संबंधित बीएलओ के पास ऑफलाइन अथवा ऑनलाइन voters.eci.gov.in एवं ceouttarpradesh.nic.in के माध्यम से भी किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित सभी दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 06 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने हेतु समय रहते आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें और अपने मताधिकार को सुरक्षित करें।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *