39 यात्रियों की मौत, 70 से अधिक घायल; हाई-स्पीड रेल सेवाएं निलंबित
एजेंसी | मैड्रिड
दक्षिणी स्पेन में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में 39 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 70 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शनिवार देर शाम मैड्रिड से दक्षिणी स्पेन की ओर जा रही एक तेज रफ्तार ट्रेन और विपरीत दिशा से आ रही दूसरी ट्रेन के बीच हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना उस समय हुई, जब एक ट्रेन पटरी से उतरकर दूसरी ट्रेन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। राहत एवं बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।
रेल प्रशासन के अनुसार दोनों ट्रेनों में करीब 500 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण सिग्नल प्रणाली में गड़बड़ी या मानवीय चूक माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
हाई-स्पीड रेल सेवाएं निलंबित
दुर्घटना के बाद मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच चलने वाली हाई-स्पीड रेल सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सहायता के लिए वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जांच के आदेश
स्पेन के परिवहन मंत्रालय ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।
हादसे के बाद पूरे देश में शोक की लहर है और इसे स्पेन के हालिया वर्षों की सबसे बड़ी रेल दुर्घटनाओं में से एक बताया जा रहा है।