घने कोहरे में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क

एनएचएआई-27 पर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने चलाया जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान

संवाददाता — उरई/जालौन

मा० मुख्यमंत्री जी के निर्देशों के क्रम में जनपद जालौन में घने कोहरे एवं शीतलहर को देखते हुए प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में राजेश कुमार पाण्डेय एवं डॉ दुर्गेश कुमार ने प्रातः राष्ट्रीय राजमार्ग एनएचएआई-27 का स्थलीय निरीक्षण कर जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाया।

निरीक्षण के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से वाहनों पर संकेतक, रिफ्लेक्टर एवं रेडियम स्ट्रिप्स लगाए गए तथा वाहन चालकों को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर वाहन चालकों से कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाने, फॉग लाइट का उचित प्रयोग करने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने एवं यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कोहरे के कारण दृश्यता अत्यंत कम हो जाती है, ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। सतर्कता और नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जनपद के अन्य प्रमुख मार्गों पर निरंतर निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकता के अनुसार चेतावनी बोर्ड, संकेतक एवं प्रकाश व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस अवसर पर सुरेश कुमार, यातायात पुलिस, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *