राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यात्री व माल वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान

संवाददाता – उरई/जालौन

‘‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’’ के अंतर्गत जनपद जालौन में यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सुरेश कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट, कूट रचित नंबर प्लेट, माल वाहनों एवं यात्री वाहनों के विरुद्ध सघन जांच की गई।

अभियान के तहत शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान जो वाहन यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए गए, उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन की कार्रवाई करते हुए चालान किए गए। अधिकारियों ने वाहन चालकों को एचएसआरपी नंबर प्लेट लगवाकर वाहन संचालन करने, ओवरलोडिंग से बचने तथा माल वाहनों में सवारियां न बैठाने की सख्त हिदायत दी।

इसके साथ ही रात्रि एवं कोहरे के मौसम को ध्यान में रखते हुए वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने, गति सीमा का पालन करने तथा सभी आवश्यक वैध प्रपत्रों के साथ वाहन चलाने की अपील की गई। चालकों को नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, ओवरस्पीडिंग व गलत दिशा में वाहन संचालन से बचने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कोहरे के दौरान दृश्यता कम होने की स्थिति में वाहन न चलाने अथवा सुरक्षित स्थान जैसे पेट्रोल पंप आदि पर वाहन खड़ा करने की सलाह दी, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय दुर्घटना से बचा जा सके। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा से संबंधित अन्य नियमों की भी जानकारी दी गई और सभी वाहन चालकों से उनका पालन करने की अपील की गई।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *