रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने विदेशी टैंकरों पर की कार्रवाई
एजेंसी | ईरान
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने फारस की खाड़ी के पास कथित ईंधन तस्करी के आरोप में दो विदेशी जहाजों को जब्त कर लिया है। सरकारी मीडिया के अनुसार कार्रवाई के दौरान जहाजों से बड़ी मात्रा में ईंधन बरामद किया गया और चालक दल को हिरासत में लिया गया है।
रिपोर्ट में बताया गया कि दोनों जहाजों पर सवार 15 विदेशी चालक दल के सदस्य हिरासत में लिए गए हैं। जांच में जहाजों से 10 लाख लीटर से अधिक तस्करी का ईंधन (मुख्य रूप से डीजल) बरामद होने का दावा किया गया है। आईआरजीसी ने कहा कि दोनों जहाजों को आगे की जांच के लिए बुशहर बंदरगाह लाया गया है।
अधिकारियों के अनुसार जहाजों के चालक दल और संबंधित पोतों को कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायिक अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में दावा किया गया है कि जहाज संगठित तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकते हैं, जो पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र में सक्रिय था।
ईरानी एजेंसियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाइयाँ समुद्री क्षेत्र में अवैध ईंधन व्यापार पर रोक लगाने के उद्देश्य से की जा रही हैं। मामले की जांच जारी है और आगे की जानकारी सामने आने की संभावना है।