स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान का शुभारंभ 30 जनवरी से, 13 फरवरी तक चलेगा विशेष पखवाड़ा

कुष्ठ मुक्त कानपुर देहात के संकल्प के साथ जिलाधिकारी का संदेश

संवाददाता — कानपुर देहात

राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात में स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान एवं पखवाड़ा का आयोजन 30 जनवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह ने जनपदवासियों के नाम एक महत्वपूर्ण संदेश जारी करते हुए कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता, संवेदनशीलता और सामाजिक समावेशन का आह्वान किया है।

जिलाधिकारी ने अपने संदेश में कहा कि “हम सभी कानपुर देहात जनपद के नागरिक और जिला प्रशासन ‘विकसित भारत अभियान’ के अवसर पर यह संकल्प लेते हैं कि अपने जनपद को कुष्ठ रोग से मुक्त बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।” उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग की पहचान आसान है और यह पूर्णतः साध्य (उपचार योग्य) रोग है, बशर्ते समय पर पहचान और उपचार किया जाए।

उन्होंने बताया कि जनपद में कुष्ठ रोगियों की शीघ्र पहचान हेतु हर संभव प्रयास किए जाएंगे तथा इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जिले में उपलब्ध सभी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि कुष्ठ रोग से प्रभावित किसी भी व्यक्ति या उसके परिवार के साथ किसी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा, और न ही समाज में किसी को ऐसा करने दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि व्यक्तिगत और सामूहिक रूप से समाज में व्याप्त कुष्ठ रोग से जुड़े कलंक और भेदभाव को समाप्त करना हम सभी की जिम्मेदारी है, ताकि प्रभावित व्यक्तियों को सम्मानपूर्वक समाज की मुख्यधारा में लाया जा सके।

अपने संदेश के अंत में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि “हम सभी कलंक और भेदभाव के प्रति शून्य सहिष्णुता अपनाने तथा ‘भेदभाव समाप्त कर गरिमा सुनिश्चित करें’ की प्रतिज्ञा लेते हैं।”

स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान एवं पखवाड़े के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी, ताकि आमजन को कुष्ठ रोग के लक्षण, उपचार और इससे जुड़े सामाजिक पहलुओं के प्रति जागरूक किया जा सके और कुष्ठ मुक्त कानपुर देहात का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *