समयबद्ध, पारदर्शी व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
संवाददाता — कानपुर देहात
दिनांक 16 जनवरी 2026 को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने जनसामान्य की विभिन्न शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर संतोषजनक निस्तारण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। साथ ही शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण की निस्तारण प्रगति एवं वर्तमान स्थिति से समय-समय पर अवगत कराना सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों, समस्त उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़ा गया। प्रस्तुत जनशिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं अतिरिक्त मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।