गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ 16वां राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता दिवस, मतदान को बताया राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव

संवाददाता — उरई/जालौन

जनपद जालौन में 16वां राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता दिवस राजकीय मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में उत्साह, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत उपस्थित नागरिकों एवं मतदाताओं को मतदान की शपथ दिलाकर की गई। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि सशक्त लोकतंत्र की नींव जागरूक मतदाताओं पर टिकी होती है। प्रत्येक नागरिक द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किए जाने से ही लोकतंत्र मजबूत और समृद्ध बनता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकतंत्र को सुदृढ़ करने का संकल्प है।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना है। इसके लिए अधिकारी, कर्मचारी एवं बूथ लेवल तक जुड़े सभी कर्मी निरंतर प्रयासरत हैं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान से वंचित न रहे। उन्होंने दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं थर्ड जेंडर समुदाय से विशेष रूप से आगे बढ़कर मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि मतदान राष्ट्र निर्माण में दिया गया सबसे बड़ा योगदान है

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा मतदाता जागरूकता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। नृत्य, नाट्य एवं गीतों के माध्यम से बच्चों ने मतदान के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा। जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतंत्र का भविष्य उज्ज्वल बनता है

पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आगामी चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष, समावेशी, सुलभ एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन से दूर रहकर निर्भीक होकर मतदान करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल होना निर्वाचन प्रक्रिया की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता एक सतत प्रक्रिया है, जिसमें प्रशासन और समाज दोनों की सहभागिता आवश्यक है। युवाओं से स्वयं मतदान करने और दूसरों को प्रेरित करने का आह्वान भी किया गया।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनके मनोबल में वृद्धि हुई और अन्य कर्मियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिली।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद्र, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नेहा ब्याडवाल, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी, मतदाता एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *