संवाददाता — कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना अकबरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र में धर्मपरिवर्तन कराने वाले गिरोह का अनावरण किया है। पुलिस ने इस प्रकरण में गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आम जनमानस की शिकायत के आधार पर दिनांक 09.01.2026 को वादी रामभरोसे पुत्र नन्हा निवासी ग्राम निबौली, थाना अकबरपुर द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना अकबरपुर पर मु0अ0सं0 0012/2026 धारा 3/5(1)/5(2)/5(3) उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस द्वारा गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए दिनांक 10.01.2026 को ग्राम बाढ़ापुर स्थित NAVA KANTHI (नवाकान्ती सोसायटी) के पास औरैया–कानपुर हाईवे से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त
-
डेनियल शरद सिंह पुत्र गिडियन शरद सिंह, निवासी 370/2ए आईटीआई माउंटेन स्कूल के पास, थाना सीपरी बाजार, जनपद झांसी (उम्र लगभग 40 वर्ष)
-
हरिओम उर्फ हरिओम त्यागी पुत्र रामसेवक, निवासी पातेपुर, थाना अकबरपुर, जनपद कानपुर देहात (उम्र लगभग 45 वर्ष)
-
सावित्री शर्मा पत्नी अशोक शर्मा, निवासी वार्ड संख्या 14 नेहरू नगर, कस्बा व थाना अकबरपुर, जनपद कानपुर देहात (उम्र लगभग 40 वर्ष)
पूछताछ में हुए अहम खुलासे
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे नवाकान्ती सोसायटी के नाम से ग्राम बाढ़ापुर में एक व्यवसायिक प्रशिक्षण केंद्र संचालित करते हैं, जिसमें एसी, फ्रिज, फिटर, कारपेंटर आदि कोर्सों का प्रशिक्षण दिया जाता है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति के लोगों को प्रलोभन देकर ईसाई धर्म में धर्मपरिवर्तन कराना है।
अभियुक्त हरिओम त्यागी ने स्वयं को संस्था स्तर पर पादरी बताते हुए धार्मिक उपदेश देने की बात स्वीकार की, जबकि डेनियल शरद सिंह ने संस्था में आने वाले देशी-विदेशी फंड के लेखा-जोखा व सामग्री क्रय की जिम्मेदारी बताई। अभियुक्ता सावित्री शर्मा ने स्वयं को संस्था की प्रधानाचार्य बताते हुए प्रार्थना सभा, दस्तावेज संधारण एवं प्रशिक्षण से जुड़ी भूमिका स्वीकार की।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त हरिओम त्यागी के मोबाइल फोन से बड़ी संख्या में प्रार्थना सभा, बाइबिल पाठ, धर्मपरिवर्तन से संबंधित फोटो-वीडियो, धार्मिक साहित्य एवं प्रभावित लोगों की सूची प्राप्त हुई है। पुलिस के अनुसार अभियुक्तों का नेटवर्क अंतरप्रादेशिक स्तर पर फैला हुआ है तथा देश-विदेश से फंडिंग के साक्ष्य भी मिले हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मामले की विवेचना जारी है।
गिरफ्तार करने वाली टीम
थाना अकबरपुर पुलिस टीम