संवाददाता — कानपुर देहात
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) / उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर जनपद की समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 06 फरवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जानी हैं।
उन्होंने बताया कि इस विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 31 जनवरी 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दिन जनपद के समस्त बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर प्रातः 10.30 बजे से सायं 04.30 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान आलेख्य निर्वाचक नामावली के साथ-साथ अनुपस्थित, स्थानांतरित (शिफ्टेड), मृतक एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की सूचियों को पढ़कर सुनाया जाएगा, ताकि आमजन को सही जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान दिवस के अवसर पर सभी पदाभिहीत स्थलों (मतदान केंद्रों) पर संबंधित अधिकारी उपस्थित रहेंगे तथा दिनांक 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली के साथ-साथ दावे एवं आपत्तियों से संबंधित सभी प्रपत्र—फार्म-6 (घोषणा पत्र सहित), फार्म-7 एवं फार्म-8—पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि विशेष अभियान दिवस के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी महोदय, सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, तथा अधोहस्ताक्षरी स्वयं अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर बीएलओ, सुपरवाइजर एवं पदाभिहीत अधिकारियों की उपस्थिति एवं कार्य की निगरानी करेंगे।
अपर जिलाधिकारी ने आम मतदाताओं से अपील की कि वे विशेष अभियान दिवस का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए मतदाता सूची का परीक्षण करें तथा यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो निर्धारित तिथि के भीतर दावे एवं आपत्तियां अवश्य दर्ज कराएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए।