‘कोई मतदाता न छूटे’ के संकल्प के साथ निर्वाचन प्रक्रिया को बनाया जा रहा सरल, सुलभ व समावेशी
31 जनवरी के विशेष अभियान दिवस में सक्रिय सहभागिता की अपील
संवाददाता
उरई/जालौन
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR)-2026 के संबंध में मा० रोल प्रेक्षक/मंडलायुक्त झांसी मंडल, झांसी बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 की प्रगति, मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रियाओं तथा मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मा० रोल प्रेक्षक ने बताया कि आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के उपरांत गणना चरण में जिन मतदाताओं की मैपिंग विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2003 की मतदाता सूची से नहीं हो सकी है, उनके लिए क्रमबद्ध रूप से नोटिस जारी किए जा रहे हैं। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा नोटिसों पर विधिवत सुनवाई की जा रही है।
उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के उद्देश्य ‘कोई मतदाता न छूटे’ को रेखांकित करते हुए कहा कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 के नियम-18 के अंतर्गत पुनरीक्षण प्रक्रिया को सरल, सुलभ एवं समावेशी बनाया गया है। मतदाताओं को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने से छूट दी गई है तथा वे लिखित प्राधिकरण के माध्यम से अपने प्रतिनिधि को सुनवाई हेतु भेज सकते हैं।
मा० रोल प्रेक्षक ने बताया कि मतदाता आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in पर लॉगिन कर नोटिस से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा ऑनलाइन माध्यम से उत्तर एवं आवश्यक अभिलेख अपलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त बीएलओ के माध्यम से भी नोटिस वितरित किए जा रहे हैं।
जन्मतिथि के आधार पर आवश्यक अभिलेखों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि
-
01 जुलाई 1987 से पूर्व जन्म वाले मतदाताओं को केवल स्वयं से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने होंगे।
-
01 जुलाई 1987 से 02 दिसंबर 2004 के मध्य जन्म वाले मतदाताओं को स्वयं के साथ माता अथवा पिता में से किसी एक का अभिलेख देना होगा।
-
02 दिसंबर 2004 के बाद जन्म वाले मतदाताओं को स्वयं के साथ माता एवं पिता दोनों के अभिलेख प्रस्तुत करने होंगे।
नोटिस के उत्तर में जन्मतिथि अथवा जन्म स्थान के प्रमाण हेतु आयोग द्वारा मान्य 13 अभिलेखों में से कोई एक प्रस्तुत किया जा सकता है।
मा० रोल प्रेक्षक ने 31 जनवरी 2026 को आयोजित विशेष अभियान दिवस को सफल बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सक्रिय सहयोग की अपील की, ताकि जनपद में कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाए।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नेहा ब्याडवाल सहित संबंधित अधिकारीगण तथा कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, भाजपा से शांतिस्वरूप, सपा से जमालुद्दीन, बसपा से भगवती शरण पांचाल, कांग्रेस से अरविंद सेंगर, अपना दल (एस) से अनिल अटरिया, सीपीआईएम से विनोद कुमार एवं आम आदमी पार्टी से विनय चौरसिया सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।