काठमांडू के मेयर बालेन शाह देंगे इस्तीफा, चुनाव लड़ने की तैयारी तेज

काठमांडू/एजेंसी। काठमांडू महानगर के मेयर बालेन शाह (बालेन) अपने पद से इस्तीफा देकर आगामी आम चुनाव लड़ने की तैयारी में जुट गए हैं। सूत्रों के मुताबिक बालेन शाह सीपीएन (ओली) के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरने की रणनीति बना रहे हैं और इसके लिए जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी गई है।

बताया जा रहा है कि बालेन शाह झापा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने की योजना बना रहे हैं। झापा सीपीएन (एमाले) के अध्यक्ष केपी शर्मा ओली का गृह क्षेत्र माना जाता है, ऐसे में बालेन का यहां से चुनाव लड़ना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। इसी कारण उनकी तैयारियां भी काफी गंभीर बताई जा रही हैं।

सूत्रों के अनुसार बालेन शाह झापा के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं। हाल ही में वे झापा पहुंचे थे, जहां उन्होंने विभिन्न वर्गों के लोगों से मुलाकात कर राजनीतिक स्थिति का आकलन किया। उनकी टीम का दावा है कि जमीनी समर्थन लगातार बढ़ रहा है।

बताया जा रहा है कि बालेन शाह 19 तारीख को मेयर पद से इस्तीफा दे सकते हैं, जिसके बाद 20 तारीख को नामांकन दाखिल करने की तैयारी है। यदि ऐसा होता है तो नेपाली राजनीति में यह एक बड़ा घटनाक्रम माना जाएगा।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यदि बालेन शाह झापा से चुनावी मैदान में उतरते हैं तो यह मुकाबला बेहद रोचक होगा और इसका सीधा असर देश की राजनीति पर पड़ेगा। फिलहाल, बालेन शाह या उनके कार्यालय की ओर से इस्तीफे को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सियासी हलकों में चर्चाएं तेज हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *