स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने का युवाओं से किया गया आह्वान
उरई, दिनांक 12 जनवरी 2026 (सू०वि०)
आज दिनांक 12.01.2026 को विकास भवन के सभागार में युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग, जालौन द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। प्रत्येक वर्ष स्वामी विवेकानंद की जन्मतिथि को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान विकास भवन में स्थित विभिन्न विभागों के उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी राजीव कुमार उपाध्याय ने स्वामी विवेकानंद के व्यक्तित्व एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वामी जी का संदेश— “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए”—आज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इसी ध्येय वाक्य को अपनाकर अपने लक्ष्य के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ आगे बढ़ें।
कार्यक्रम में विभाग के व्यायाम प्रशिक्षक मोहन सिंह यादव, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी पंकज शिवहरे, वरिष्ठ लिपिक मेराज अहमद, पीआरडी जवान लोकेन्द्र सिंह, राजेश आर्या, नवल किशोर, शैलेन्द्र सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में व्यायाम प्रशिक्षक द्वारा सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।