हेलीपैड, मार्ग एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिए गए निर्देश
संवाददाता | कानपुर देहात
माननीय पूर्व राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद जी के 18 जनवरी 2026 को जनपद कानपुर देहात के पुखरायां में प्रस्तावित आगमन के दृष्टिगत जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय द्वारा हेलीपैड स्थल तथा आगमन एवं प्रस्थान मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हेलीपैड की समुचित साफ-सफाई, समतलीकरण, बैरिकेडिंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने आगमन मार्गों पर यातायात प्रबंधन, वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, डॉग स्क्वॉड एवं एंटी-सैबोटाज चेक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं वीवीआईपी प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी सुरक्षा इंतजाम समय से पूर्ण करने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से निर्देशित किया कि सभी तैयारियां आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं, जिससे माननीय पूर्व राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद जी का आगमन पूर्णतः सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।