संवाददाता – कानपुर
कानपुर जिले के आउटर क्षेत्रों में हो रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। मंगलवार को केडीए की टीम ने बिठूर रोड स्थित सिधपुर इल्लाक में करीब 8.5 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान अवैध प्लॉटिंग में बनाए गए बाउंड्रीवाल, नाला एवं अन्य निर्माण कार्यों को बुलडोजर से गिरा दिया गया। इसके साथ ही 5.5 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही एक अन्य अवैध कॉलोनी को भी सील कर दिया गया।
केडीए की टीम के मौके पर पहुंचते ही अवैध प्लॉटिंग कराने वालों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को मानचित्र स्वीकृत कराए बिना ले-आउट विकसित करने को लेकर चेतावनी दी गई थी, बावजूद इसके नियमों की अनदेखी कर प्लॉटिंग की जा रही थी।
यह कार्रवाई प्रवर्तन जोन-1बी के अंतर्गत विशेष कार्याधिकारी एवं एडीएम डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम ने सिधपुर रोड पर सड़क चौराहे से जंगल बाउंड्री पार्क की तरफ एवं भसान बुढ़ा आश्रम के पीछे लगभग 4.5 बीघा भूमि पर हो रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया।
इसके अतिरिक्त एक अन्य स्थान पर लगभग 4 बीघा क्षेत्र में बनाई गई सड़कें, नालियां, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे, गेट पिलर आदि को भी तोड़ दिया गया। केडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत मानचित्र एवं ले-आउट के किसी भी प्रकार की प्लॉटिंग या निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
केडीए ने आमजन से अपील की है कि भू-खंड खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।