23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर होगा ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन
संवाददाता | कानपुर देहात
उत्तर प्रदेश शासन के नागरिक सुरक्षा अनुभाग, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर दिनांक 23 जनवरी 2026 को जनपद कानपुर देहात सहित प्रदेश के समस्त जनपदों में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है। इस क्रम में जनपद कानपुर देहात में मॉक ड्रिल के सफल एवं सुचारु आयोजन को लेकर 17 जनवरी 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में समन्वय बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नागरिक सुरक्षा विभाग, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, विद्युत विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अपर जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान ब्लैक आउट मॉक ड्रिल की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपातकालीन स्थिति, विशेषकर हवाई हमले जैसी परिस्थितियों में जनसामान्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा विभागीय तैयारियों का व्यावहारिक परीक्षण करना है।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि दिनांक 23 जनवरी 2026 को सायं 6:00 बजे अकबरपुर महाविद्यालय, अकबरपुर में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल प्रारंभ की जाएगी। मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी के लिए सायरन बजाया जाएगा। सायरन बजते ही चिन्हित क्षेत्रों एवं स्थलों पर विद्युत आपूर्ति बाधित कर ब्लैक आउट किया जाएगा तथा नागरिकों द्वारा सुरक्षित स्थानों पर शरण ली जाएगी। खतरा समाप्त होने पर ‘ऑल क्लियर’ सायरन बजाकर मॉक ड्रिल के समापन की घोषणा की जाएगी।
इसके अतिरिक्त मॉक ड्रिल के दौरान नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा अग्निशमन उपकरणों का प्रयोग, प्राथमिक उपचार, घायलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना, क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को बाहर निकालना तथा गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास भी किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे मॉक ड्रिल से पूर्व अपनी विभागीय तैयारियां पूर्ण कर लें, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा जनसामान्य को पूर्व में ही जागरूक करें, जिससे मॉक ड्रिल शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में उप जिलाधिकारी अकबरपुर नीलिमा यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।