लखनऊ। सॉलिडेरिटी मेजर्स एसोसिएशन का चुनाव शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया के बाद संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें डॉ. सीएम श्रवण कुमार बिश्नोई को सर्वसम्मति से एसोसिएशन का नया अध्यक्ष चुना गया।
चुनाव समिति के अध्यक्ष बजरपाल सिंह की देखरेख में मतगणना के उपरांत परिणामों की घोषणा की गई। इस दौरान संगठन के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और आगामी कार्यकाल के लिए नई प्रबंधन समिति का चयन किया।
नवगठित कार्यकारिणी में सुशील कुमार भट्ट को सचिव, श्रीमती प्रमिला शेखर को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं, उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी राजीव कुमार सिंह को सौंपी गई। सह-सचिव के रूप में श्रीमती अमीला राय को चुना गया। कार्यकारिणी सदस्यों में अमित पाठक, राहुल सिंह, रितेश जैसवाल और शैलेश चंद्रा शामिल हैं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रवण कुमार बिश्नोई ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता सॉलिडेरिटी मेजर्स को एक सशक्त, स्वच्छ और बेहतर संगठन बनाना है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सभी सदस्यों के सहयोग से पारदर्शिता के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
चुनाव के सफल आयोजन के बाद संगठन के सदस्यों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।