मां का कत्ल

पाइप से वार कर बेटे ने ली बुजुर्ग महिला की जान

संवाददाता | कानपुर

कानपुर के शुक्लागंज क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे में धुत एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही बुजुर्ग मां की पाइप से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कंजा खेड़ा निवासी शांति देवी (75) पर उनके छोटे बेटे रजना ने बुधवार दोपहर लोहे के पाइप से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

परिजनों के मुताबिक घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था और किसी बात को लेकर विवाद के बाद उसने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि परिवार के अन्य सदस्य मौके पर मौजूद थे, लेकिन अचानक हुए हमले से स्थिति संभाल नहीं सके।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *