टाइड एवं अनटाइड मद की धनराशि का पारदर्शी व गुणवत्तापूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश
संवाददाता
कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत जनपद के विभिन्न नगर निकायों में टाइड एवं अनटाइड मद से प्रस्तावित कार्ययोजनाओं की समीक्षा बैठक माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई। बैठक में नगर निकायों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत स्वीकृत धनराशि का उपयोग शासन की गाइडलाइंस के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि टाइड फंड का उपयोग प्राथमिकता के आधार पर स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं अन्य अनिवार्य नागरिक सुविधाओं पर किया जाए, जबकि अनटाइड फंड से नगर निकायों की स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकासात्मक कार्य कराए जाएँ।
जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्ययोजनाओं को समयबद्ध ढंग से अंतिम रूप देते हुए तकनीकी स्वीकृति प्राप्त की जाए तथा कार्यों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही प्रस्तावित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे आम नागरिकों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो सके।
बैठक के दौरान नगर निकायों के अध्यक्षों से भी कार्ययोजना में सम्मिलित किए जाने हेतु आवश्यक प्रस्तावों पर सुझाव प्राप्त किए गए तथा विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, अकबरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष दीपाली सिंह, रूरा नगर पंचायत अध्यक्ष रामजी गुप्ता, राजपुर नगर पंचायत अध्यक्ष अंशू त्रिपाठी, झींझक नगर पालिका अध्यक्ष अमित तिवारी सहित संबंधित नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।