मिशन शक्ति 5.0 के तहत कानपुर देहात में महिला सुरक्षा व अधिकारों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान

संवाददाता — कानपुर देहात

महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से दिनांक 01 फरवरी 2026 को कानपुर देहात पुलिस द्वारा “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। यह अभियान श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित किया गया।

अभियान के अंतर्गत जनपद की समस्त थाना पुलिस द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं को सुरक्षा योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी अधिकारों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों
181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम)—की जानकारी दी गई। साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया समझाई गई।

इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी खातों से ठगी आदि से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां एवं उपयोगी सुझाव साझा किए गए। महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों से अवगत कराते हुए POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एक्ट के अंतर्गत साइबर अपराधों से संबंधित प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।

कानपुर देहात पुलिस ने दोहराया कि वह महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ऐसे जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज में सुरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *