राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत परिवहन विभाग का औचक निरीक्षण, नियम उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई

संवाददाता — कानपुर देहात

शासन स्तर से जारी निर्देशों के अंतर्गत मनाए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के दौरान परिवहन विभाग, कानपुर देहात द्वारा जनपद में संचालित मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर संबंधित विद्यालयों को नोटिस जारी किए गए।

निरीक्षण के समय मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था न होना, स्कूल की पहचान हेतु नियमानुसार बोर्ड का अभाव, तथा अभिलेखों का समुचित रख-रखाव न होना जैसी कमियां सामने आईं। इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग द्वारा संबंधित संचालकों को नियमानुसार नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही प्रवर्तन कार्यवाही करते हुए परिवहन विभाग के अधिकारियों ने जनपद के विभिन्न मार्गों पर वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान—

  • नियमानुसार नम्बर प्लेट न होने पर 17 वाहनों,

  • ओवरलोड संचालन में पाए जाने पर 02 वाहनों,

  • बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 28 चालकों,

  • बिना सेफ्टी बेल्ट पर 11 चालकों,

  • तथा अनधिकृत संचालन एवं कर बकाया के मामलों में 07 वाहनों के विरुद्ध चालान/निरुद्ध की कार्रवाई की गई।

परिवहन विभाग ने वाहन चालकों एवं संचालकों से अपील की कि वे यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन करें। विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और इस प्रकार के निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *