22 फरवरी को राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में होगा आयोजन
उरई | 02 फरवरी 2026 (सू.वि.)
माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश विरजेन्द्र कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आगामी 22 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के संबंध में दीवानी न्यायालय उरई में कृषि विभाग, उद्यान विभाग एवं जिला कारागार प्रशासन के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को अपर जिला जज प्रथम/नोडल अधिकारी सतीश चन्द्र द्विवेदी द्वारा शिविर के सफल आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालौन शाम्भवी प्रथम ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुरूप समाज के विभिन्न वर्गों के विधिक सशक्तीकरण तथा शासकीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद जालौन में 22 फरवरी 2026 को राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस शिविर में जिले के समस्त विभागों द्वारा संचालित विभिन्न प्रशासनिक, जनकल्याणकारी एवं कार्यकारी योजनाओं के लिए एक ही स्थान पर अलग-अलग विभागीय कैम्प लगाए जाएंगे, जहां लाभार्थियों को चिन्हित कर मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। सभी विभागों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पूर्ण सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि प्रत्येक विभाग अपनी-अपनी योजनाओं की अद्यतन सूची शीघ्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय को उपलब्ध कराए, जिससे शिविर का आयोजन सुचारु एवं प्रभावी ढंग से किया जा सके। उपस्थित अधिकारियों ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में जेल अधीक्षक जिला कारागार उरई नीरज देव, जिला कृषि अधिकारी गौरव यादव तथा जिला उद्यान विभाग के प्रतिनिधि विवेक कुमार उपस्थित रहे।