जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची का वाचन, जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्वयं उपस्थित रहकर किया निरीक्षण

संवाददाता — उरई/जालौन

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में 18 जनवरी 2025 को जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा आलेख्य मतदाता सूची का वाचन कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची की पारदर्शिता सुनिश्चित करना एवं नागरिकों को अपने नाम, विवरण की जांच तथा त्रुटियों के समयबद्ध सुधार हेतु जागरूक करना रहा। सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ के पास फॉर्म-6 (नया पंजीकरण), फॉर्म-7 (नाम विलोपन) एवं फॉर्म-8 (संशोधन) पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहे, जिससे नागरिकों को मौके पर ही आवेदन करने की सुविधा प्राप्त हुई।

कार्यक्रम की प्रभावी निगरानी एवं समीक्षा के लिए सभी ईआरओ/एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी निरंतर भ्रमणशील रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री राजेश कुमार पाण्डेय ने स्वयं उपस्थित रहकर उपायुक्त उद्योग कार्यालय, राजकीय इंटर कॉलेज, टाउन हॉल, कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय नया पटेल नगर (उरई), छत्रसाल इंटर कॉलेज एवं जालौन बालिका इंटर कॉलेज (जालौन) सहित विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का सार्वजनिक रूप से वाचन किया गया, जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में नागरिकगण एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपने नाम की जांच अवश्य करें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से समय रहते सुधार कराएं, जिससे आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में कोई भी पात्र मतदाता वंचित न रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *