स्कूल वाहन चालकों को यातायात नियमों का दिया प्रशिक्षण
संवाददाता
उरई/जालौन
सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) झांसी मण्डल, झांसी श्री राजेश कुमार वर्मा द्वारा उप सम्भागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय, उरई (जनपद जालौन) का औचक मुआयना किया गया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में कार्यरत संबंधित पटल सहायकों को कार्यों के सुचारु संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुआयना उपरांत श्री वर्मा द्वारा बी०के०डी० एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल, झांसी रोड उरई में स्कूल वाहनों के चालकों एवं परिचालकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि सभी चालक एवं परिचालक अपने व्यवहार को सौम्य एवं सहयोगात्मक रखें, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाए।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि छात्र-छात्राओं को लाने-ले जाने के दौरान पूरी सावधानी बरती जाए तथा बच्चों को उनके घर से ही सुरक्षित रूप से रिसीव कर घर तक छोड़ा जाए, जिससे किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। साथ ही सभी चालकों एवं परिचालकों को समय-समय पर स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कराने की सलाह दी गई।
श्री वर्मा ने कहा कि यदि किसी प्रकार की समस्या हो तो उसे विद्यालय प्रबंधन एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ साझा करें, ताकि उसका समय रहते समाधान किया जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि वाहनों में उपलब्ध फर्स्ट एड बॉक्स (मेडिकल किट) की नियमित जांच की जाए तथा दवाइयों की वैधता सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने सभी स्कूल वाहनों में अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से रखने एवं उसके उपयोग का समय-समय पर प्रशिक्षण प्राप्त करने पर भी जोर दिया।