संवाददाता — कानपुर देहात
महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से दिनांक 29 जनवरी 2026 को जनपद कानपुर देहात में उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “मिशन शक्ति 5.0” के अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रीमती श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में जनपद की समस्त थाना पुलिस द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर संचालित किया गया।
अभियान के अंतर्गत आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों, तथा सरकारी सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—
181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम)—की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया समझाई गई।
इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव हेतु व्यावहारिक सुझाव एवं सावधानियां साझा की गईं। महिलाओं को उनके अधिकारों से अवगत कराते हुए POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एक्ट के अंतर्गत साइबर अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
कानपुर देहात पुलिस ने दोहराया कि वह “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” की भावना के अनुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। साथ ही जनपदवासियों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें या 112 पर तुरंत कॉल करें।