विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के अंतर्गत दावे-आपत्तियों की समीक्षा, डीएम की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों संग बैठक सम्पन्न

संवाददाता — उरई / जालौन

अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में दावे एवं आपत्तियों की समीक्षा हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने की।

बैठक में जनपद के मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया कि दावे एवं आपत्तियों की अवधि 06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक निर्धारित है। इस अवधि में 06 जनवरी से 12 जनवरी 2026 तक कुल 1575 दावे एवं आपत्तियाँ प्राप्त हुई हैं, जिनमें 1053 फार्म-6, 35 फार्म-7 तथा 487 फार्म-8 सम्मिलित हैं।

उन्होंने बताया कि 06 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक प्राप्त दावे-आपत्तियों की सूचियाँ फार्म-9, 10, 11, 11A एवं 11B के माध्यम से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही, नोटिस की सुनवाई हेतु अधिसूचित अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की सूची भी साझा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में सभी संबंधित सूचियाँ जनपद की वेबसाइट
https://jalaun.nic.in/district-election-office/
पर प्रतिदिन अपलोड की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त जनसामान्य के अवलोकन हेतु आलेख्य मतदाता सूची की पीडीएफ भी वेबसाइट पर उपलब्ध है।

उन्होंने अपील की कि जिन पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं हैं, वे फार्म-6 (नया नाम जोड़ने हेतु), फार्म-7 (नाम अपमार्जन हेतु) तथा फार्म-8 (संशोधन/स्थानांतरण हेतु) आवश्यक दस्तावेजों सहित संबंधित बीएलओ को समय से उपलब्ध कराएं, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 18 जनवरी 2026 (रविवार) को जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का पुनः वाचन किया जाएगा। इस अवसर पर राजनीतिक दलों से अपेक्षा की गई कि वे अपने बीएलए के माध्यम से छूटे हुए पात्र मतदाताओं के फार्म भरवाकर समय से बीएलओ को जमा कराएं।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नेहा ब्याडवाल, उप जिलाधिकारी/ईआरओ कालपी मनोज सिंह, उप जिलाधिकारी/ईआरओ राकेश सोनी सहित भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी एवं कम्युनिस्ट पार्टी के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *