योजनाओं का लाभ पाने हेतु किसान अनिवार्य रूप से कराएं पंजीकरण
संवाददाता — कानपुर देहात
उप कृषि निदेशक हरीशंकर भार्गव ने जनपद के समस्त कृषक भाइयों से डिजिटल एग्रीकल्चर योजना के अंतर्गत कृषक आईडी (फार्मर रजिस्ट्री) बनवाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को शासन द्वारा संचालित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ सरलता एवं शीघ्रता से प्राप्त हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि कृषक आईडी बनवाने के लिए किसान अपने निकटतम जनसेवा केंद्र, क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक/लेखपाल अथवा कृषि विभाग के कार्मिकों से संपर्क कर सकते हैं। फार्मर रजिस्ट्री बनने के उपरांत किसानों को बीज, उर्वरक, फसल बीमा सहित अन्य कृषि योजनाओं का लाभ तत्काल मिल सकेगा।
उप कृषि निदेशक ने यह भी जानकारी दी कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को भी फार्मर रजिस्ट्री आईडी से जोड़ा जा रहा है, जिससे भविष्य में योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु कृषक आईडी अनिवार्य होगी।
अंत में उन्होंने जनपद के समस्त किसान भाइयों से अनुरोध किया कि वे समय रहते अपनी कृषक आईडी (फार्मर रजिस्ट्री) अवश्य बनवा लें, ताकि किसी भी सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े।