ग्राम प्रधानों व जिला पंचायत सदस्यों को सड़क सुरक्षा नियमों का दिया गया प्रशिक्षण
संवाददाता — उरई/जालौन
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत दिनांक 16 जनवरी 2026 को रानी लक्ष्मीबाई सभागार, विकास भवन उरई में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन, परिवहन विभाग एवं पंचायतीराज विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्रशिक्षक कुलदीप गुप्ता के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ० दुर्गेश कुमार के मार्गदर्शन में ग्राम प्रधानों एवं जिला पंचायत सदस्यों को वर्चुअल माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्राम स्तर पर सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना था।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के०के० सिंह ने ग्राम प्रधानों को ग्राम स्तर पर सड़क सुरक्षा समिति गठित करने के निर्देश दिए, जिससे गांवों में गोष्ठियों एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
कार्यक्रम के दौरान राहवीर योजना एवं कैशलेस ट्रीटमेंट योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई तथा सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की तत्काल सहायता करने हेतु प्रेरित किया गया। प्रतिभागियों को नशे की हालत में वाहन न चलाने, तेज गति से वाहन न चलाने, स्टंट न करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न करने तथा आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की सलाह दी गई।
उक्त कार्यक्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, विकास याज्ञिक सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पंचायतीराज विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।