उरई तहसील में मतदाता सूची वाचन सम्पन्न, अपर आयुक्त झांसी रहे मौजूद

राजकीय इंटर कॉलेज व उच्च प्राथमिक विद्यालयों सहित विभिन्न मतदेय स्थलों पर हुआ निर्वाचक नामावली का वाचन

संवाददाता — उरई/जालौन

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत तहसील उरई में मतदाता सूची वाचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर आयुक्त, झांसी मण्डल श्री उमाशंकर त्रिपाठी की उपस्थिति में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संजय कुमार के साथ विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया गया।

कार्यक्रम के तहत राजकीय इंटर कॉलेज, ठाकुर महेन्द्र सिंह विद्यालय, पूर्व माध्यमिक विद्यालय बघोरा, टीएम पब्लिक स्कूल उरई सहित अन्य मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा निर्वाचक नामावली का विधिवत सार्वजनिक वाचन किया गया।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त ने वाचन प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित होना सुनिश्चित किया जाए तथा मृतक, स्थानान्तरित, दोहरी प्रविष्टि अथवा अपात्र नामों के विलोपन की कार्यवाही समयबद्ध एवं नियमानुसार पूर्ण की जाए।

उन्होंने आमजन से भी अपील की कि मतदाता सूची में यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो निर्धारित प्रारूप पर दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर समय रहते संशोधन कराएं, जिससे मताधिकार को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

मतदाता सूची वाचन के दौरान स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सराहनीय रही। कार्यक्रम के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से नागरिकों को आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *