— 🇮🇳 प्रेस विज्ञप्ति 🇮🇳 —
जिला सूचना कार्यालय, कानपुर देहात
दिनांक – 18 अक्टूबर 2025
कानपुर देहात — आज जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह की अध्यक्षता में तथा पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की उपस्थिति में तहसील भोगनीपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और संवेदनशीलता आवश्यक है। प्रत्येक शिकायत के समाधान के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक अवश्य लिया जाए ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि समाधान से वह संतुष्ट है।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी शिकायत की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। राजस्व, चकमार्ग, पैमाइश एवं अवैध कब्जे से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकताओं में जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सर्वोपरि है, अतः किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से कुल 53 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही किया गया। प्राप्त शिकायतों में पुलिस विभाग से 07, BDO अमरौधा से 05, BDO मलासा से 02, विद्युत विभाग से 08, चकबंदी से 04, राजस्व विभाग से 20 तथा अन्य विभागों से 07 शिकायतें सम्मिलित रहीं।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी भोगनीपुर, क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर, जिला वन अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।