सी.एच.एस. एजूकेशन सेंटर, जैनपुर में बच्चों को दी गई यातायात नियमों की जानकारी
संवाददाता
कानपुर देहात
दिनांक 31 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक, जनपद कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के समापन अवसर पर सी.एच.एस. एजूकेशन सेंटर, जैनपुर में यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा के महत्व तथा सुरक्षित यात्रा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर बच्चों द्वारा यातायात नियमों से संबंधित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिनके माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय द्वारा बच्चों एवं शिक्षकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन करने तथा सुरक्षित यातायात में सहयोग करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यन्त कुमार मौर्य, क्षेत्राधिकारी यातायात राजीव सिरोही, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रशान्त तिवारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्रीमती सोमलता यादव, यातायात प्रभारी विवेक सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।